विदेश

इजरायल में भारतीयों पर निशाना, गोमूत्र वाली टिप्पणी से बढ़ा विवाद

तेलअवीव। इजरायली-अमेरिकी रब्बी योसी मिजराही हिंदुओं की धार्मिक मान्यताओं और गाय की पूजा को लेकर दिए गए अपने एक बेहद आपत्तिजनक बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें उन्होंने हिंदुओं की परंपराओं का उपहास उड़ाने के साथ-साथ भारतीय डॉक्टरों पर भी अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद भारत और इजरायल दोनों ही देशों में भारी जनआक्रोश देखने को मिल रहा है।

धार्मिक मान्यताओं और डॉक्टरों पर आपत्तिजनक टिप्पणी

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मिजराही अपने पूर्व सहयोगी का उल्लेख करते हुए भारत में गाय की पूजा की परंपरा का मजाक उड़ाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने भारतीय डॉक्टरों पर निशाना साधते हुए अमर्यादित दावे किए और अंत में तंज कसते हुए कहा कि वे ईश्वर का आभार व्यक्त करते हैं कि उन्हें ऐसा नहीं बनाया गया। उनके इस नस्लवादी और अपमानजनक वक्तव्य की हर तरफ तीखी आलोचना की जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएँ

रब्बी मिजराही के इस बयान पर इजरायल के शोधकर्ता और लेखक येशाया रोसेनमैन ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के गैर-जिम्मेदाराना बयानों से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की साख को गंभीर नुकसान पहुंचता है। वहीं, भारत में फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम अबू शावेश ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी भी धर्म की आस्था का मजाक उड़ाना और नफरत फैलाना पूरी मानवता के लिए खतरा है।

विवादों से रहा है पुराना नाता

इजरायल में जन्मे और अमेरिका में सक्रिय ऑर्थोडॉक्स यहूदी धर्म प्रचारक योसी मिजराही का विवादित बयानों से पुराना नाता रहा है। वे इससे पहले होलोकॉस्ट में मारे गए लोगों की संख्या पर टिप्पणी, ऑटिज्म व डाउन सिंड्रोम को लेकर दिए गए बयानों और अन्य समुदायों के खिलाफ टिप्पणी करने के कारण भी भारी विरोध का सामना कर चुके हैं। उनके इस नए बयान ने एक बार फिर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचनाओं के घेरे में ला दिया है।

Related Articles

Back to top button