मध्य प्रदेश

‘कहां गए राहुल गांधी?’ EVM हैकिंग के मुद्दे पर जेपी नड्डा ने कांग्रेस को घेरा

भोपाल। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भोपाल में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इमरजेंसी के दौर को याद करते हुए कहा कि वे खुद इसके भुक्तभोगी हैं और पुलिस उन्हें दो बार क्लासरूम से पकड़कर ले गई थी। नड्डा ने राहुल गांधी को 'अबोध बालक' बताते हुए कहा कि उन्हें आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन्हें खुद नाचना न आए, वे आंगन को टेढ़ा बताते हैं और अब ईवीएम पर सवाल उठा रहे हैं।

ईवीएम और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर बयान

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग ने पहले ही खुली चुनौती दी थी कि कोई भी दुनिया का एक्सपर्ट आकर ईवीएम को हैक करके दिखाए, लेकिन कांग्रेस नेता और उनके विशेषज्ञ उस चुनौती से भाग खड़े हुए। उन्होंने बैलेट पेपर का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में हुए एमएलसी चुनावों में बैलेट पेपर से मतदान हुआ था, जिसमें कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला और पार्टी पूरी तरह साफ हो गई।

कांग्रेस के इतिहास और अनुच्छेद 356 पर प्रहार

जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने अपने शासनकाल में अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग करते हुए 90 बार चुनी हुई सरकारों को गिराया है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस बौखलाहट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा और गालियों का इस्तेमाल कर रही है, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी और आगामी चुनावों में करारा जवाब देगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी कांग्रेस पर न्यायपालिका का अपमान करने और पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन को लालकृष्ण आडवाणी के खिलाफ चुनाव लड़वाने का आरोप लगाते हुए तीखी आलोचना की।

Related Articles

Back to top button