मध्य प्रदेश

MP में पुलिस अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम, सात जिलों में बदले जाएंगे एसपी और डीआईजी

भोपाल। मध्यप्रदेश गृह विभाग ने हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित 28वें मिड कॅरिअर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमसीटीपी) फेज-III में शामिल होने वाले 14 आईपीएस अधिकारियों को कार्यमुक्त करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था का आदेश जारी किया है। यह विशेष प्रशिक्षण 20 नवंबर तक चलेगा, जिसमें एक डीआईजी और सात जिलों के पुलिस कप्तान (एसपी) शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रशासनिक कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग ने अन्य आईपीएस अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

वरिष्ठ अधिकारियों का वैकल्पिक प्रभार

प्रशिक्षण अवधि के दौरान शहडोल रेंज के डीआईजी विवेक सिंह की अनुपस्थिति में शहडोल एसपी संजय कुमार अग्रवाल को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, भोपाल नगरीय पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान का प्रभार अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला संभालेंगी। 23वीं वाहिनी विसबल भोपाल के सेनानी प्रमोद कुमार सिन्हा की जगह 25वीं वाहिनी के सेनानी नागेंद्र सिंह को कमान सौंपी गई है। ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह के स्थान पर 13वीं वाहिनी के सेनानी श्रुतकीर्ति सोमवंशी कार्यभार देखेंगे।

प्रशासनिक व्यवस्था के लिए प्रभारों का पुनर्गठन

अकादमी भौंरी के उप निदेशक रामजी श्रीवास्तव का प्रभार राज्य पुलिस सेवा की अधिकारी रश्मि पाण्डेय को दिया गया है। रायसेन एसपी आशुतोष की गैरमौजूदगी में भोपाल रेल एसपी अंकित जायसवाल जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा भोपाल जोन-2 के पुलिस उपायुक्त विकास कुमार सहवाल का प्रभार जोन-3 के पुलिस उपायुक्त आयुष गुप्ता को सौंपा गया है। गृह विभाग ने अधिकारियों के जाने से पहले ही पूरी कार्ययोजना तय कर ली है।

जिलों में कप्तानों का प्रभार बदला

विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार मनीष खत्री के स्थान पर हेलेन सोनाली सूना और जबलपुर रेल एसपी सुंदर सिंह कनेश की जगह सिद्धार्थ चौधरी कार्यभार संभालेंगे। बड़वानी एसपी पद्म विलोचन शुक्ला का प्रभार सेनानी विनोद कुमार सिंह, आगर मालवा एसपी दिलीप कुमार सोनी का प्रभार सेनानी दीपक कुमार शुक्ला, अनूपपुर एसपी विक्रांत मुराव की जगह अंकित सोनी, मऊगंज एसपी सुरेंद्र कुमार जैन की जगह मनोहर सिंह मंडलोई और डिंडोरी एसपी आशीष खरे के स्थान पर सेनानी सुनील तिवारी जिम्मेदारी निभाएंगे।

Related Articles

Back to top button