मध्य प्रदेश

WTM लंदन के वैश्विक मंच पर मध्यप्रदेश की पर्यटन विरासत का भव्य प्रदर्शन

भोपाल : एमपी टूरिज्म बोर्ड द्वारा अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन बाजार में प्रदेश की पहचान सशक्त बनाने के उद्देश्य से लंदन में वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट 2026 में राज्य की विविध पर्यटन संभावनाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है। 3 से 5 नवंबर तक एक्सेल लंदन में आयोजित इस तीन दिवसीय वैश्विक आयोजन में दुनिया भर के पर्यटन विशेषज्ञ, टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल कंपनियां और डेस्टिनेशन प्रतिनिधि सहभागिता कर रहे हैं। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राज्यसभा सांसद एवं इन्फोसिस फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती सुधा मूर्ति ने मध्यप्रदेश पवेलियन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एमपी टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविन्द बेडेकर सहित अन्य अतिथि एवं पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पवेलियन में खजुराहो, सांची और भीमबेटका यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों के साथ कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, पन्ना और सतपुड़ा के वन्यजीव पर्यटन तथा उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर और चित्रकूट के आध्यात्मिक वैभव को प्रदर्शित किया जा रहा है। वहीं, ओरछा, मांडू और चंदेरी के माध्यम से ग्रामीण एवं स्लो टूरिज्म, स्थानीय हस्तशिल्प और समुदाय आधारित पर्यटन अनुभवों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अपर प्रबंध संचालक डॉ. बेडेकर के नेतृत्व में प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल 10 पर्यटन हितधारकों के साथ सहभागिता कर रहा है। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन व्यवसायियों के साथ बी2बी बैठकें कर वैश्विक साझेदारी के लिए व्यावसायिक संवाद किए जा रहे हैं।

‘मध्यप्रदेश क्रॉनिकल्स’ में प्रदेश की कला, संस्कृति और वन्यजीव की अनकही कहानियों का हुआ प्रदर्शन

एमपी टूरिज्म बोर्ड ने फ्रेंड्स ऑफ मध्यप्रदेश (FoMP) के सहयोग से 3 नवंबर को लंदन के ताज, सेंट जेम्स पार्क में ‘मध्यप्रदेश क्रॉनिकल्स – एन इवनिंग ऑफ अनटोल्ड नैरेटिव्स’ का आयोजन किया। इस विशेष संध्या में कहानीकारों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, वन्यजीव फोटोग्राफर्स, फिल्म निर्माताओं, कंटेंट क्रिएटर्स और ट्रैवल ट्रेड से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में अपर प्रबंध संचालक डॉ. बेडेकर ने मध्यप्रदेश के वन्यजीव, ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति, खानपान, जनजातीय परंपराओं और फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में प्रदेश की बढ़ती पहचान पर प्रस्तुति दी। मैहर स्थित आर्ट इचोल की विधि बेरी ने प्रदेश की विशिष्ट कला एवं शिल्प परंपराओं को प्रस्तुत किया, वहीं बीबीसी पुरस्कार से सम्मानित फोटोग्राफर सलील तांबे ने अपने वन्यजीव एवं पर्यटन छायाचित्रों के माध्यम से मध्यप्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता को प्रदर्शित किया। प्रसिद्ध इन्फ्लुएंसर सीमा आनंद की उपस्थिति ने भी आयोजन को विशेष बनाया। श्री रोहित दीक्षित के संचालन में आयोजित संवाद सत्र में मध्यप्रदेश के विविध पर्यटन अनुभवों, संभावनाओं और भावी पहलों पर चर्चा हुई।

WTM लंदन 2026 में सहभागिता के माध्यम से मध्यप्रदेश का उद्देश्य यूरोप सहित वैश्विक पर्यटन बाजारों में अपनी उपस्थिति मजबूत करना, अंतर्राष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स के साथ रणनीतिक साझेदारी विकसित करना और प्रदेश को विरासत, वन्यजीव, आध्यात्मिकता, संस्कृति एवं सतत पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

 

Related Articles

Back to top button