मध्य प्रदेश

हरदीप सिंह पुरी की राज्यसभा में निर्विरोध एंट्री, एमपी से बने सांसद

भोपाल। मध्यप्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो गए हैं। नामांकनों की वापसी की अंतिम समय-सीमा समाप्त होने के पश्चात निर्वाचन अधिकारी ने उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा कर दी है। हरदीप सिंह पुरी की अनुपस्थिति में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने निर्वाचन अधिकारी से जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त किया। इससे पूर्व, चुनाव मैदान में निर्दलीय के रूप में उतरे कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार राजकुमार लोहानी और एक अन्य प्रत्याशी कांते सायन्ना के नामांकन पत्र जांच के दौरान निरस्त कर दिए गए थे।

मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर जीत

अन्य उम्मीदवारों के पर्चे खारिज होने के बाद चुनाव मैदान में भाजपा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी ही एकमात्र उम्मीदवार बचे थे, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया था। पूर्व में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा का प्रतिनिधित्व करने वाले केंद्रीय मंत्री अब मध्य प्रदेश से राज्यसभा में पार्टी का पक्ष रखेंगे। उल्लेखनीय है कि यह सीट मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी।

आपत्तियों के खारिज होने के बाद मिला प्रमाण पत्र

नामांकन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस पार्टी की ओर से हरदीप सिंह पुरी के हलफनामे को लेकर कई तरह की आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। इन आपत्तियों में पत्नी के नाम का उल्लेख न होने, संपत्तियों का ब्यौरा भारतीय रुपये के स्थान पर विदेशी मुद्राओं में देने और नोटरी प्रक्रिया की वैधता पर सवाल खड़े किए गए थे। हालांकि, निर्वाचन अधिकारी ने गहन जांच के बाद कांग्रेस के सभी आरोपों व आपत्तियों को दरकिनार करते हुए हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पत्रों को पूर्णतः वैध पाया था। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button